पटना में किसान आंदोलन के समर्थन में सड़कों पर उतरे लेफ्ट संगठन, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

12/29/2020 5:13:02 PM

 

पटनाः किसान आंदोलन के समर्थन में राजधानी पटना में किसान महासभा और वामदलों से जुड़े कार्यकर्ता मार्च निकाल रहे थे। इसी बीच गांधी मैदान से राजभवन की ओर निकले कार्यकर्ताओं को पुलिस ने डाकबंगला चौराहे पर रोक दिया। वहीं प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग तोड़कर राजभवन की तरफ बढ़ने की कोशिश की। ऐसे में पुलिस के द्वारा प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया गया, जिसमें कई लोग घायल हो गए।

पुलिस के मुताबिक डाक बंगला क्रॉसिंग पर प्रदर्शनकारियों को रोकने के प्रयास किए गए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि इससे पहले, रैली शुरू होने के स्थान गांधी मैदान पर प्रदर्शनकारी, पुलिस तथा प्रशासनिक अधिकारियों के बीच झड़पें हुईं थीं क्योंकि प्रदर्शनकारियों ने मैदान में केवल एक द्वार के रास्ते ही प्रवेश देने पर आपत्ति जताई थी। सूत्रों ने कहा कि यह प्रतिबंध भगदड़ जैसे हालातों से बचने के लिए लगाया गया था लेकिन प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि यह उनकी आवाज दबाने का प्रयास है।

वहीं पुलिस ने बताया कि बाद में प्रदर्शनकारी करीब डेढ़ किमी दूरी पर स्थित डाक बंगला क्रॉसिंग पर पहुंच गए जहां मौजूद अधिकारियों ने उन्हें बताया कि यहां से आगे उनके मार्च की इजाजत नहीं दी जाएगी। इस पर प्रदर्शनकारी राजभवन जाने पर अड़ गए तो पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए बल प्रयोग किया। उन्होंने बताया कि इसमें घायल व्यक्तियों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

बता दें कि प्रदर्शनकारी नए कृषि कानूनों को रद्द करने की मांग कर रहे हैं। दिल्ली की सीमाओं पर चल रहे किसान आंदोलन के समर्थन में वे मार्च निकालना चाहते थे। हंगामे की वजह से डाकबंगला चौराहे और आस-पास के इलाकों में जाम लग गया। इससे लोगों को काफी परेशानी हुई।
 

Nitika