डिप्टी CM रेणु देवी ने कहा- आपसी मतभेद कराने के लिए जातिगत जनगणना को हवा दे रहा विपक्ष

9/26/2021 12:57:27 PM

पटनाः बिहार की उपमुख्यमंत्री रेणु देवी ने शनिवार को कहा कि विपक्ष आपसी मतभेद कराने के इरादे से जातीय जनगणना कराने की बात कर रहा है जबकि ऐसा कुछ नहीं होने वाला। 

"जातिगत जनगणना से वोट बनाने की कोशिश"
रेणु देवी ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश कार्यालय में सहयोग कार्यक्रम के बाद संवाददाताओं से बातचीत में मुख्य विपक्षी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) का नाम लिए बगैर कहा कि जातिगत जनगणना की बात करने वाले पहले यह बताएं कि कितने गरीबों को नेता बनाया है। जाति आधारित जनगणना से वोट बनाने की कोशिश हो रही है। उन्होंने कहा कि यह होने वाला नहीं है। 

"बेवजह की चीजों को जा रही हवा"
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जब समय होगा तब जनगणना की बात की जाएगी। देश का विकास हो रहा है और उसमें छेड़छाड़ नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जातिगत जनगणना की आड़ में विपक्ष काफी समय से वोट लेने की कोशिश में लगा हुआ है। विपक्षी दलों के पास अब कोई मुद्दा नहीं रह गया है इसलिए बेवजह की चीजों को हवा दी जा रही है।

रेणु देवी ने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के घटक दल में कई पार्टियां हैं और सभी की सोच एक जैसी हो यह जरूरी नहीं है। जातिगत जनगणना पर घटक दल जनता दल यूनाइटेड और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा की अलग सोच है तथा भाजपा की अलग सोच। आपसी मतभेद कराने के लिए जाति जनगणना की बात हो रही है। हालांकि उन्होंने कहा कि ऐसा कुछ भी होने वाला नहीं है।

Content Writer

Ramanjot