बिहार उपचुनावः CM नीतीश का दावा- गोपालगंज और मोकामा में RJD के प्रत्याशी ही जीतेंगे चुनाव

10/31/2022 3:58:05 PM

पटनाः बिहार में गोपालगंज और मोकामा विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दावा किया है कि आरजेडी के प्रत्याशी ही चुनाव जीतेंगे। उन्होंने कहा कि हमारी तबीयत थोड़ी खराब है, जिसकी वजह से हम प्रचार-प्रसार करने नहीं जा रहे हैं, लेकिन आरजेडी के दोनों प्रत्याशी चुनाव जीत रहे हैं।

अब तेजस्वी यादव को आगे बढ़ाना हैः सीएम
चिराग पासवान विधानसभा उपचुनाव में भाजपा के लिए प्रचार करने जा रहे हैं के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वे चुनाव प्रचार कर रहे हैं, ठीक है। हम लोगों के खिलाफ विधानसभा चुनाव के दौरान जो कैंडिडेट खड़ा किया गया था, वो किसने किया था? उनके पिताजी स्व. रामविलास पासवान जी को मैंने काफी सम्मान दिया। शुरू से ही मैंने उनका समर्थन भी किया था। स्व. रामविलास पासवान जी से हमारा रिश्ता बहुत पुराना रहा है। वे अब नहीं रहे ये बहुत दुःखद है। हम अपनी पार्टी के लोगों की राय से ही भाजपा से अलग हुए हैं। भाजपा को छोड़कर हमलोग वापस अपनी पुरानी जगह पर आ गए हैं। अब उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव को आगे बढ़ाना है।

वहीं गोपालगंज के आरजेडी प्रत्याशी के खिलाफ भाजपा आपराधिक मामला दर्ज करने जा रही है के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इसका कोई मतलब नहीं है। आपको मालूम नहीं है कि कितने लोगों पर कितना कंप्लेन हो जाता है, वो सब अलग बात है। उप चुनाव में भाजपा वाले कैसी-कैसी बात बोल रहे हैं यह आपलोग देख ही रहे हैं। उनलोगों की हालत खराब हो चुकी है।

Content Writer

Ramanjot