दो भाइयों के बीच हुए भूमि विवाद में एक महिला की मौत, तीन अन्य घायल

4/3/2022 4:23:46 PM

छपराः बिहार में सारण जिले के मशरक थाना क्षेत्र में शनिवार को भूमि विवाद में दो भाइयों के बीच हुई मारपीट की घटना में एक महिला की मौत हो गई तथा तीन अन्य घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि बड़वाघाट छपिया गांव निवासी उपेंद्र राम का भूमि संबधित विवाद अपने भाई के साथ शुरू हुआ। इस विवाद में उपेंद्र राम के भाई के द्वारा मारपीट शुरू कर दी गई। इस घटना में उपेंद्र राम की 35 वर्षीय पत्नी मुन्ना देवी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को मशरक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल छपरा भेज दिया। सदर अस्पताल छपरा ले जाने के दौरान महिला की मौत हो गई।

सूत्रों ने बताया कि इस घटना में उपेंद्र राम, कन्हैया राम एवं लालमोहन कुमार राम गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनकी चिकित्सा की जा रही है। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल छपरा भेज दिया है। इस मामले में पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन कर रही है।

 

Content Writer

Ramanjot