सुपौल में जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प, एक व्यक्ति की हत्या

5/7/2021 10:14:26 AM

सुपौलः बिहार के सुपौल जिले में दो भाइयों के बीच चल रहे भूमि विवाद ने गुरुवार को हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच हुई इस झड़प में एक भाई की हत्या कर दी गई। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, घटना जिले के किशनपुर थाना क्षेत्र की है। सुपौल के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार इन्द्र प्रकाश ने बताया कि बैद्यनाथपुर अंदौली गांव निवासी बैद्यनाथ यादव और उसके भाई विशुन देव यादव के बीच भूमि विवाद चल रहा था। इसी को लेकर दोनों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान विशुनदेव यादव के पुत्र विवेक यादव ने वैधनाथ यादव को गोली मारकर घायल कर दिया। घायल को एक निजी नर्सिग होम में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

प्रकाश ने बताया कि इस सिलसिले में मृतक वैद्यनाथ यादव के पुत्र कमलेश कुमार ने विशुनदेव यादव ,उनकी पत्नी ,पुत्र पुष्षम यादव और विवेक यादव के विरूद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी है। इस मामले में विशुनदेब यादव की पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सपौल सदर अस्पताल भेज दिया गया है।

Content Writer

Ramanjot