वृद्ध ने थाने के कंप्यूटर रूम में लगाई फांसी, मारपीट के आरोप में किया गया था गिरफ्तार, विरोध में सड़क जाम

11/17/2022 10:48:01 AM

बक्सरः बिहार के बक्सर जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां पर कोरानसराय थाने में वृद्ध ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने उन्हें मारपीट के आरोप में गिरफ्तार किया था। वहीं उन्हें हाजत में नहीं बंद किया गया था, बल्कि कंप्यूटर रूम में रखा गया था। जहां पर वह टेबल पर चढ़ पंखे से लटक गए।

पंखे से लटका हुआ मिला शव
जानकारी के मुताबिक, घटना बक्सर जिले के कोरानसराय थाने की है। मृतक की पहचान कोपवा गांव के निवासी यमुना सिंह के रूप में हुई है। मंगलवार की शाम पुलिस उन्हें गिरफ्तार करके लाई थी। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि मृतक के परिजन और गांव निवासी भोला पासवान व मिथिलेश पासवान के परिजनों से लगभग 15-20 दिन पहले बच्चों के खेल-खेल में विवाद हुआ था, जिसमें मारपीट भी हुई थी। इसी घटना में थानाध्यक्ष जुनैद आलम के द्वारा यमुना सिंह को गिरफ्तार किया गया था। यमुना सिंह को हाजत में नहीं बंद किया गया था, बल्कि उन्हें कम्प्यूटर रूम में रखा गया था, जहां पर टेबल पर चढ़कर वह पंखे से लटक गए।

आत्म सम्मानित व्यक्ति थे यमुना सिंह
वहीं जब गुरुवार की सुबह जब पुलिसकर्मी की नजर पड़ी तो उनके शव को उतारा गया। इसके बाद उन्हें सदर अस्पताल में लाया गया। जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। बताया जा रहा है कि वह बड़े ही आत्म सम्मानित व्यक्ति थे। इसलिए शायद पुलिस द्वारा इस तरह थाने में बंद करने को लेकर उन्होंने ऐसा कदम उठाया। यमुना सिंह की उम्र लगभग 65 से 70 वर्ष के आस-पास थी।

आक्रोश में लोग
बता दें कि घटना की सूचना मिलने के बाद इसके विरोध में कोपवां गांव के सामने मुख्य सड़क पर लोगों ने डुमरांव-बिक्रमगंज मार्ग को जाम कर रखा हैं। इस घटना के बाद नाजुक स्थिति को देखते हुए कई थानों की पुलिस कोरानसराय में कैंप कर रही है। पुरे घटना में वरीय पदाधिकारी कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार थानाध्यक्ष जुनैद आलम को सस्पेंड कर दिया गया है। इस पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

Content Editor

Swati Sharma