सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में जिम्मेदारी का निर्वहन करें अधिकारीः CM नीतीश

4/22/2022 10:51:09 AM

पटनाः बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अधिकारियों से जनहित में सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने गुरुवार को यहां ‘सिविल सेवा दिवस' के उपलक्ष्य में आयोजित एक समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि सरकारी योजनाओं और नीतियों के कार्यान्वयन में अधिकारियों की भूमिका महत्वपूर्ण है।

नीतीश कुमार ने कहा कि सरकारी योजनाओं और नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन के बिना वांछित परिणाम प्राप्त नहीं किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि संविधान के प्रावधान के अनुसार, नीतियां बनाने और क्रियान्वित करने की शक्ति और दायित्व अधिकारियों के पास है। अधिकारी लोगों से बहुत सम्मान तभी प्राप्त कर सकते हैं जब वे अपने कर्तव्यों को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाते हैं। उन्होंने कहा कि बिहार भूमि का हवाई सर्वेक्षण करने वाला पहला राज्य है। सर्वेक्षण और सेटलमेंट से भूमि विवादों को कम करने में काफी मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 60 प्रतिशत हिंसा और अपराध भूमि विवाद से जुड़े हैं। भूमि विवादों के समाधान से अपराध पर लगाम लगाने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि 20 जिलों में सर्वेक्षण और बंदोबस्त कर लिया गया है जबकि अन्य 18 जिलों में इस कार्य को संपन्न किया जाना शेष है। उन्होंने बताया कि उनके दौरे के दौरान लोगों ने उनसे सर्वेक्षण और बंदोबस्त में हुई अनियमितताओं की शिकायत की है।

Content Writer

Ramanjot