"बिहार में अब राजद बनाम भाजपा", राबड़ी देवी ने कहा- राजद व कांग्रेस में दलबदल से नीतीश को होनी चाहिए चिंता

3/1/2024 11:51:38 AM

पटनाः बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने गुरुवार को कहा कि उनकी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (RJD) और सहयोगी दल कांग्रेस के विधायकों के दलबदल को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को चिंतित होना चाहिए और उन्हें “दीवार पर लिखी इबारत पढ़नी चाहिए।” राजद के संस्थापक लालू प्रसाद की पत्नी राबड़ी देवी ने यह दावा भी किया कि भाजपा उनके विधायकों को इस विश्वास के साथ ‘खरीद' रही है कि बिहार में राजनीतिक लड़ाई दोनों दलों के बीच है। 

"नीतीश को दीवार पर लिखी इबारत पढ़ने की जरूरत"
राजद की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने कहा, “बिहार में अब राजद बनाम भाजपा है। कोई तीसरी ताकत नहीं है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) यह बात जानती है, यही कारण है कि वह हमारे लोगों को अपने पाले में ले जाने की कोशिश कर रही है।” उन्होंने कहा, “लेकिन हम चिंतित नहीं हैं। अगर किसी को चिंता करने की जरूरत है, तो वह जनता दल (यूनाइटेड) के अध्यक्ष नीतीश कुमार हैं। उन्हें दीवार पर लिखी इबारत पढ़ने की जरूरत है। भाजपा यूं ही विधानसभा में अपनी ताकत बढ़ाने की कोशिश नहीं कर रही है।” राजद के विधायक मुकेश रौशन ने एक दिन पहले आरोप लगाया था कि भाजपा पर्याप्त संख्या में विधायक अपने पाले में करने के बाद नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री पद से हटाने के लिए जदयू को विभाजित कर देगी। 

राबड़ी ने रौशन के इस दावे से सहमति जताते हुए कहा, “आपको बस यह देखने की जरूरत है कि भाजपा अन्य राज्यों में क्या कर रही है।” पिछले कुछ हफ्तों में कुल मिलाकर राजद के चार और कांग्रेस के दो विधायक राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में शामिल हो गए हैं। उनमें से कोई भी अब तक भाजपा में शामिल नहीं हुआ है। हालांकि अटकलें हैं कि वे निकट भविष्य में औपचारिक रूप से भाजपा में शामिल हो सकते हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Recommended News

Related News

static