ललन-आरसीपी में कुछ भी असामान्य नहीं, सभी लोग एक राय-एक विचार के साथ कर रहे कामः नीतीश

2/22/2022 10:04:29 AM

पटनाः बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह और केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह के बीच कुछ भी असामान्य नहीं है और पार्टी में सभी लोग एक राय, एक विचार के साथ काम कर रहे हैं।

नीतीश ने जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह के पार्टी के विस्तार को लेकर दिए गए बयान के संबंध में पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि वह खुद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे लेकिन 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव खत्म होने के बाद उन्होंने पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक बुलाकर कमान आरसीपी सिंह को दे दी। घोषणा से पहले इसकी जानकारी किसी को नहीं थी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि उनकी इच्छा है कि पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह को बनाया जाए। इस प्रस्ताव को सभी लोगों ने मंजूर किया। इसके बाद आरसीपी सिंह जब केंद्र सरकार में मंत्री बन गए तो फिर से बैठक बुलाकर ललन सिंह को पार्टी की कमान दी गई। इस प्रस्ताव पर भी सभी लोगों ने अपनी सहमति दी।

नीतीश कुमार ने कहा पार्टी में कहीं पर भी कुछ नहीं है। पार्टी में सभी लोग एक राय, एक विचार के साथ काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा, 'एनडीए के रुप में हमलोग एक साथ मिलकर बिहार की सेवा कर रहे हैं। पार्टी में सभी लोग अपना-अपना फर्ज निभा रहे हैं। जार्ज साहब के समय से ही हमलोग एक साथ हैं।' मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी पार्टी अपना विस्तार चाहती है लेकिन इसका इससे कोई मतलब नहीं है। हमलोग जनता के दरबार में हाजिर होने वाले लोग हैं। आप लोगों से आग्रह है कि जनता से संबंधित ही सवाल कीजिए।

Content Writer

Ramanjot