नित्यानंद राय ने CM नीतीश पर किया जोरदार हमला, बोले- महागठबंधन की सरकार ने बिहार को कर रखा है "बर्बाद"

2/23/2023 4:09:58 PM

पटना(अभिषेक कुमार सिंह): केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने पटना एयरपोर्ट पर बयान देते हुए कहा कि महागठबंधन की सरकार ने बिहार को बर्बाद कर रखा है। प्रदेश भय के वातावरण में जीवन व्यतीत कर रहा है, विधि व्यवस्था चौपट हो गई है। खुलेआम अपराधी गोलीबारी कर रहे हैं और आए दिन दर्जन से ऊपर जघन्य अपराध होते हैं। 

"बिहार की जनता में महागठबंधन के खिलाफ है आक्रोश" 
नित्यानंद राय ने कहा कि  बिहार की जनता में महागठबंधन के खिलाफ आक्रोश है। नित्यानंद  राय ने दावा करते हुए कहा कि 2024 में हम 40 की 40 सीट जीतेंगे। नरेंद्र मोदी के भागीरथ प्रयास से विकास की गंगा बिहार में बह रही है उसको रोकने का प्रयास महागठबंधन कर रहा है, लेकिन हम रोकने नहीं देंगे। कांग्रेस इस तरह से अलबेला गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जो गरीबों के मसीहा है उसको कांग्रेस के नेताओं द्वारा अनाप-शनाप बोला जा रहा है यह बहुत ही निंदनीय है। कांग्रेस को देश की जनता, बिहार की जनता और उसके गठबंधन करने वाले सभी पार्टियों को चुनाव में बता देगी। साथ ही कहा कि तेजस्वी यादव और ललन सिंह का एक दूसरे पर पलटवार होता है, जहां बिना नीति बिना सिद्धांत के समझौते होते हैं, वहां इसी तरीके की बात होती है। 

"राजद के लोग जदयू के विधायकों को तोड़ने में लगे"
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री ने कहा कि बिहार जानता है जब भारतीय जनता पार्टी ने अपने कंधे पर बैठाकर एक अराजक और गुंडाराज की समाप्ति के लिए नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनाया था, उस समय से ही ना उनकी पार्टी का जनाधार था। लेकिन भाजपा ने समर्थन किया और समर्पण के बदौलत बिहार में एक अच्छी सरकार बनाने की कोशिश की थी। साथ ही कहा कि अब नीतीश कुमार बिना जनाधार के हो  गए हैं कब क्या बोलेंगे क्या नहीं, कभी तेजस्वी को सीएम पद सौंपने की बात कहते हैं तो ललन जी कहते हैं नीतीश जी ऐसा कर नहीं सकते। आरजेडी के लोग जेडीयू के विधायकों को तोड़ने में लगे हैं यह जानकारी राजनीति के गलियारे में चल रहा है। 

Content Editor

Swati Sharma