RJD नेता के सेना के खिलाफ दिए बयान पर बोले नित्यानंद राय- देशविरोधी बड़बोले मंत्री को करना चाहिए बर्खास्त

2/24/2023 12:12:58 PM

पटनाः बिहार सरकार के मंत्री सुरेंद्र यादव के भारतीय सेना के खिलाफ दिए गए बेतुके बयान पर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि सुरेंद्र यादव द्वारा देश के बहादुर और जाबाज सेना के लिए बोला गया अपशब्द एक घृणित कृत्य है। इसके लिए सुरेंद्र यादव को नतमस्तक होकर देश से माफ़ी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि देशविरोधी बड़बोले मंत्री को बर्खास्त करना चाहिए।

इस बयान से सेना के सम्मान को पहुंची है ठेसः नित्यानंद राय
नित्यानंद राय ने कहा कि अगर नीतीश कुमार के मन में देश के प्रति जरा भी भावना बची हो तो उन्हें बिना देर किए अपने इस देशविरोधी बड़बोले मंत्री को बर्खास्त करना चाहिए। इस बयान से सेना के सम्मान को ठेस पहुंची है, इसके लिए नीतीश कुमार अपने मंत्री को तुरंत पद से हटाएं। सेना के खिलाफ इतनी ओछी और आपत्तिजनक टिप्पणी करने के बाद भी अगर सुरेंद्र यादव मंत्री बने हुए हैं तो यह नीतीश सरकार द्वारा देश और देश की सेना का सीधा अपमान है। एकबार फिर साबित हुआ है कि राजद और जदयू गठबंधन का चाल-चेहरा- चरित्र देश विरोधी है। उन्होंने कहा कि नीतीश जी, तेजस्वी जी और सुरेन्द्र जी ठीक से जान लें कि भारत की सेना हमेशा से शौर्य, बलिदान, पराक्रम की पहचान से विख्यात है। अतः ऐसी ओछी मानसिकता वालों द्वारा सेना का अपमान यह देश कतई बर्दाश्त नहीं करने वाला।

सुरेंद्र यादव ने भारतीय सेना को कहा था हिजड़ों की फौज 
बता दें कि मंत्री सुरेंद्र यादव ने भारतीय सेना को हिजड़ों की फौज कहा था। उन्होंने अग्निवीर योजना की निंदा करते हुए कहा कि आज से ठीक आने वाले साढ़े आठ साल के बाद देश का नाम हिजड़ों की फौज में आएगा। ये मैं बोलता हूं। साढ़े आठ साल के बाद जितनी पुरानी-पुरानी सेना हैं। वो सब रिटायर कर दिए जाएंगे।

Content Editor

Swati Sharma