Bihar News... कांग्रेस की पहचान परिवारवाद एवं तुष्टिकरण की राजनीति, नित्यानंद राय का आरोप

3/14/2024 8:42:47 AM

 

समस्तीपुरः केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता नित्यानंद राय ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस की पहचान तुष्टिकरण एवं परिवारवाद की राजनीति करना है।



नित्यानंद राय बुधवार को समस्तीपुर नगर भवन में आयोजित 'पीएम सूरज राष्ट्रीय पोर्टल' के शुभारंभ कार्यक्रम के अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि पिछले दस वर्षों में केंद्र की मोदी सरकार पर एक भी भ्रष्टाचार या घोटाले का आरोप नहीं लगा है। जबकि कांग्रेस पार्टी की सरकार भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण के लिए ही जानी जाती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस गठबंधन के शासनकाल मे लाखों- करोड़ों का घोटाला होता था और गरीबों की हकमारी होती थी। उन्होंने कहा कि आज भी कांग्रेस-गठबंधन की सरकार जिन प्रदेश मे है वहां गरीबों की हकमारी हो रही है।



भाजपा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार में विकास की गंगा बह रही है। उन्होंने कहा कि बिहार में भी अब डबल इंजन की सरकार बन गई है और इस प्रदेश का तीव्र गति से विकास करना राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) सरकार का मुख्य उद्देश्य है। केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने इस अवसर पर लाभार्थियों के बीच आयुष्मान कार्ड, बैंक लोन और पीपीई किट का वितरण किया।



इस मौके पर समस्तीपुर नगर निगम के आयुक्त केडी प्रोज्जवल, उप विकास आयुक्त संदीप शेखर प्रियदर्शी, सिविल सर्जन संजय कुमार चौधरी, अग्रणी बैंक के जिला प्रबंधक पीके सिंह ने केन्द्र व राज्य सरकार की योजनाओं के संबंध में लाभार्थियों को विस्तृत जानकारी दी।

Content Writer

Nitika