लालू यादव के खराब स्वास्थ्य को लेकर चिंतित हुए नीतीश, बोले- जल्द ठीक हो जाएं RJD अध्यक्ष

1/24/2021 6:41:03 PM

 

पटनाः बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भले ही कई मुद्दों पर राजद का घेराव करते हो लेकिन जैसे ही उन्हें राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के खराब स्वास्थ्य की सूचना मिली, वैसे ही नीतीश कुमार लालू यादव को लेकर चिंतित हो गए। उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद जल्द ठीक हो जाए, यही उनकी शुभकामनाएं है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लालू यादव के बीमार रहने के दौरान भी वह उनकी देखरेख करने वाले को फोन करते थे और उनकी तबीयत की जानकारी लेते थे। उन्होंने कहा कि महागठबंधन से अलग होने के बाद भी वह उनका हाल पूछते रहते थे। 2017-2018 में भी वह खुद फोन कर राजद अध्यक्ष की तबीयत खराब होने की जानकारी लेते थे, लेकिन उनके परिवार के लोग कई तरह के आरोप लगाने लगे। इसके बाद उन्होंने फोन करना बंद कर दिया।

वहीं नीतीश कुमार ने सोचा कि उनको लालू यादव के स्वास्थ्य का अपडेट अखबार से भी मिल जाएगा तो अब वह फोन नहीं करेंगे। वह अखबार से ही उनकी तबीयत की जानकारी ले लेते थे। उन्होंने कहा कि हम तो चाहते हैं कि लालू प्रसाद को जो तकलीफ और परेशानी है, उससे जल्द उनको छुटकारा मिल जाए। बता दें कि लालू यादव की इन दिनों सेहत काफी खराब है। उन्हें बेहतर इलाज के लिए दिल्ली के एम्स में भर्ती करवाया गया है। वह लगभग 16 बीमारियों से जूझ रहे हैं।

Nitika