मुख्यमंत्री नीतीश को सताने लगा कुर्सी छीनने का डर! बोले- कर्पूरी ठाकुर को भी हटा दिया गया था...

1/25/2021 11:59:20 AM

पटनाः बिहार के सीएम नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री कार्यकाल के बीच में ही कुर्सी छीनने का डर सताने लगा है। उन्‍होंने संकेत दिया कि उनको भी कार्यकाल के बीच में ही सीएम की कुर्सी से हटाया जा सकता है। दरअसल, रविवार को जननायक कर्पूरी ठाकुर की जयंती पर नीतीश ने कहा कि ठाकुर ने मुख्यमंत्री रहते हुए सबके लिए काम किया तो उन्हें दो वर्ष बाद ही हटा दिया गया।

नीतीश कुमार ने जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के कार्यालय में जदयू अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ की ओर से आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि नई तकनीक का सदुपयोग करना चाहिए, इसका दुरुपयोग न हो। सोशल मीडिया के माध्यम से नकारात्मक चीजों को बढ़ावा नहीं देना चाहिए। लोगों के मन में सकारात्मकता का भाव रहने से समाज आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि कर्पूरी ठाकुर ने मुख्यमंत्री रहते हुए सभी लोगों के लिए काम किया लेकिन उन्हें दो वर्ष के बाद हटा दिया गया। वह भी सबके हित में काम कर रहे हैं लेकिन कभी-कभी सबके हित में काम करने से कुछ लोग नाराज हो जाते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ लोग सिर्फ सत्ता का सुख लेना चाहते हैं। उनके लिए सत्ता का मतलब है लोगों की सेवा करना। लोगों की सेवा करना ही उनका धर्म है। वह लोगों के लिए लगातार काम करते रहते हैं। उन्होंने किसी की भी उपेक्षा नहीं की है। बिहार आगे बढ़ रहा है और निरंतर आगे बढ़ेगा। इसे गौर से देखने और समझने की जरूरत है। गांव से लेकर गली तक आवागमन सुलभ हुआ है। घर-घर तक बिजली पहुंच गई है। सभी क्षेत्रों में योजनाबद्ध ढंग से काम किया जा रहा है।

नीतीश कुमार ने कहा कि लोगों को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। राज्य में व्यापार बढ़ा है। लोगों की क्रय शक्ति बढ़ी है। सभी सरकारी विद्यालयों और सरकारी कार्यालयों में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी द्वारा बताए गए सात सामाजिक पापों को अंकित करवा दिया गया है ताकि लोग उससे प्रभावित हो सकें और उसे अपने जीवन में उतार सकें। उन्होंने कहा, ‘‘कुछ लोगों को मेरी आलोचना करने में प्रचार मिलता है, उन्हें प्रचार मिलता रहे, मेरी शुभकामनाएं हैं। समाज में प्रेम, भाईचारा और सछ्वाव के साथ सभी लोग एकजुट होकर रहें तो बिहार और तेजी से आगे बढ़ेगा।''


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ramanjot

Recommended News

Related News

static