गिरिराज के बयान पर नीतीश बोले- गलत अधिकारियों को बांस से मारने संबंधी बयान ठीक नहीं

3/8/2021 10:46:04 AM

पटना/बेगूसरायः बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के उस विवादित बयान को लेकर असहमति जताई है जिसमें उन्होंने कहा था कि अगर अधिकारी उनकी बात नहीं सुनते हैं तो उन्हें ‘‘बांस से मारिए।''

दरअसल, केन्द्रीय मंत्री सिंह ने एक विवादित टिप्पणी करते हुए शनिवार को अपने लोकसभा क्षेत्र बेगूसराय के लोगों से कहा था कि अगर अधिकारी उनकी बात नहीं सुनते हैं तो उन्हें ‘‘बांस से मारिए।'' अपने मुखर बयानों को लेकर अक्सर चर्चा में रहने वाले भाजपा नेता यहां एक कृषि संस्थान द्वारा आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। वहीं नीतीश कुमार से जब गिरिराज के बयान के बारे में पत्रकारों ने पूछा तो उन्होंने कहा, ‘‘आपको गिरिराज से जाकर पूछना चाहिए कि क्या इस तरह की भाषा का उपयोग करना न्यायसंगत है।''

मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा था कि उन्हें अक्सर शिकायतें मिलती हैं कि अधिकारी जनता की शिकायतों को सुनते ही नहीं हैं। कार्यक्रम की वीडियो फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल कर दी गई। उन्होंने कहा, ‘‘मैं उनसे कहना चाहता हूं कि इतनी छोटी बात के लिए मेरे पास क्यों आते हैं। सांसद, विधायक, गांव के मुखिया, डीएम, एसडीएम, बीडीओ.... इन सभी का कर्तव्य जनता की सेवा करना है। अगर वे आपकी बात नहीं सुनते हैं तो दोनों हाथों से बांस उठाइए और उनके सिर पर दे मारिए।'' उन्होंने कहा था, ‘‘अगर इससे भी काम नहीं होता है तो गिरिराज आपके साथ है।''


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Recommended News

Related News

static