बिहार में बढ़ेगी वैक्सीनेशन रफ्तार, 6 महीने में 6 करोड़ लोगों के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित

6/12/2021 2:01:02 PM

पटनाः बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को राज्य में अगले छह महीने में छह करोड़ लोगों को कोविड-19 रोधी टीका लगाए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया जिससे राज्य में टीकाकरण की रफ्तार बढ़ सकती है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग की बैठक में इस संबंध में निर्देश जारी किए। करीब 13 करोड़ आबादी वाले राज्य में अभी तक 1.18 करोड़ लोगों को ही टीके लगे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि छह महीने में छह करोड़ लोगों को टीका लगाने के काम में जितने सरकार कर्मचारियों की जरूरत है, उतने लोगों को लगाया जाना चाहिए। उन्होंने इस बाबत जागरुकता अभियान चलाने की भी आवश्यकता बताई।

नीतीश कुमार ने जांच दर को और बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन और प्रतिबंधों में ढील के साथ, लोग अपने घरों से बाहर निकल रहे हैं और एक-दूसरे के संपर्क में आ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि संक्रमण के नए प्रकोप को रोकने के लिए जांच में तेजी और संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों का पता लगाने की जरूरत है। कोविड स्थिति में सुधार के बाद नौ जून से एक महीने से अधिक समय से चल रहे लॉकडाउन को हटा लिया गया है।

Content Writer

Ramanjot