CM नीतीश ने बिहार में राजमार्ग परियोजनाओं के शिलान्यास पर PM मोदी को कहा धन्यवाद

9/22/2020 10:24:38 AM

 

पटनाः बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य में 14,260 करोड़ रूपए की लागत से 350 किलोमीटर लम्बी 9 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के शिलान्यास के लिए प्रधानमंत्री का शुक्रिया अदा किया है।

पीएम मोदी ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम 14,260 करोड रूपए की लागत से 9 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने हर गांव में ऑप्टिकल फाइबर द्वारा इंटरनेट सुविधा का शुभारंभ किया। हर गांव में ऑप्टिकल फाइबर द्वारा इंटरनेट सुविधा की शुरुआत होने से मार्च 2021 तक बिहार के सभी 45,945 गांवों को इंटरनेट सुविधा मिलेगी। ‘भारत नेट' ऑप्टिकल फाइबर से हर गांव को जोड़ा जाएगा। इस अवसर पर नीतीश ने परियोजनाओं के शिलान्यास के लिए प्रधानमंत्री का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा कि गंगा नदी पर विक्रमशिला सेतु का निर्माण वर्ष 2002 में पूर्ण हुआ था। विक्रमशिला सेतु पर वाहनों के ज्यादा आवागमन के कारण जाम लगा रहता था। विक्रमशिला पुल के समानांतर एक नए फोरलेन पुल का शिलान्यास कराया जा रहा है। इससे लोगों को काफी सहुलियत होगी।

नीतीश ने कहा कि बख्तियारपुर-रजौली फोरलेन के निर्माण से पटना से रांची का आवागमन और सुगम होगा। आरा-मोहनियां फोरलेन सड़क का निर्माण भी किया जा रहा है। नरेनपुर-पूर्णिया फोरलेन के निर्माण से झारखंड और बिहार के बीच आवागमन और आसान होगा। उन्होंने कहा कि गंगा नदी पर पटना में महात्मा गांधी सेतु के समानांतर नए फोरलेन पुल का निर्माण करवाया जा रहा है। कोसी नदी पर बिहपुर से वीरपुर के बीच फुलौत घाट पर पुल का निर्माण करवाया जा रहा है। इससे भी लोगों को आवागमन में काफी सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि पटना में रिंग रोड बनाने की शुरुआत हो गई है। ये बहुत ही उपयोगी है। इसका एक हिस्सा रामनगर से कन्हौली तक 6 लेन के निर्माण की शुरुआत हो गई है।

वहीं सीएम नीतीश ने कहा कि मेरा निवेदन है कि दिल्ली से लखनऊ होते हुए गाजीपुर तक बनने वाली 8 लेन सड़क को बक्सर से जोड़ दिया जाए। गाजीपुर से बक्सर की दूरी सिर्फ 16 से 17 किलोमीटर है। इससे बिहार को काफी फायदा हो जाएगा। इससे दिल्ली और लखनऊ के लिए बिहार को एक और वैकल्पिक सड़क मिल जाएगी।

Nitika