मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर जारी अटकलों के बीच नीतीश बोले- सबकी सहमति से बनेगी बात

1/9/2021 10:03:51 AM

पटनाः बिहार में सरकार के गठन के लगभग डेढ़ महीने के बाद भी मंत्रिमंडल के विस्तार को लेकर जारी अटकलों के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि पहले इतनी देर नहीं होती थी, शुरू में ही यह काम कर लिया जाता था, जब सबकी सहमति होगी तब कैबिनेट का विस्तार होगा।

जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने शुक्रवार को सात निश्चय पार्ट दो की समीक्षा बैठक के बाद ये बात कही। गुरुवार को भाजपा प्रभारी भूपेंद्र यादव, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल, उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद और रेणु देवी केे साथ हुई बातचीत के बारे में पूछने पर नीतीश कहा कि मुलाकात में मंत्रिमंडल विस्तार के संबंध में कोई बातचीत नहीं हुई है। गुरुवार को हुई मुलाकात में सहज बातचीत हुई है, कोई राजनीतिक बातचीत नहीं हुई है।

नीतीश कुमार ने कहा, ‘‘हमने अखबार में मंत्रिमंडल विस्तार की छपी खबर को देखा था। कैबिनेट के विस्तार में पहले इतनी देर कहां होती थी। पहले हमलोग शुरू में ही कैबिनेट विस्तार कर लेते थे। जब सबकी सहमति होगी तो मंत्रिमंडल का विस्तार होगा। अभी तो कैबिनेट में कुल मिलाकर 14 लोग हैं। बिहार के विकास के लिए हमलोग काम कर रहे हैं और जो हमलोगों का लक्ष्य है, उन सब चीजों पर गुरुवार को बातचीत हुई है। पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी को एक बार फिर से बिहार बुलाने की कोशिश के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि इसकी कोई जानकारी नहीं है। यह तो भाजपा के हाथ में है। नीतीश ने कहा कि सुशील मोदी से उनका पुराना संबंध है। हमलोग बहुत दिनों तक एक साथ काम कर चुके हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ramanjot

Recommended News

Related News

static