बिहार के घर-घर पहुंचाया जाएगा नीतीश का व्यक्तित्व एवं कृतित्व, 1 मार्च से होगी शुरुआतः RCP सिंह

2/11/2022 4:22:20 PM

पटनाः केंद्रीय मंत्री और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह ने आज कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को प्रदेश के हर घर तक पहुंचाया जाएगा तथा इसकी शुरुआत उनके (नीतीश कुमार) एक मार्च को जन्मदिन से की जाएगी।

आरसीपी सिंह ने शुक्रवार को संवाददाता सम्मेलन में कहा कि मुख्यमंत्री कुमार का व्यक्तित्व बहुत ही विशाल है। अब उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को प्रदेश के हर घर तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने राज्य के विकास के लिए जो काम किए हैं, उसके संबंध में सभी को बताया जाएगा।
 

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उनके नेतृत्व में शुभचिंतकों, कार्यकर्ताओं एवं पार्टी के नेताओं की पूरी टीम घर-घर जाकर बताएगी कि नीतीश कुमार ने उनके लिए क्या-क्या काम किए हैं। साथ ही उन लोगों को पार्टी से जोड़ने का काम भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि एक मार्च को नीतीश कुमार का जन्मदिन है और उस दिन से एक वर्ष तक यह कार्यक्रम चलता रहेगा।

Content Writer

Ramanjot