मखदुम कुंड का परिभ्रमण करने के बाद नीतीश बोले- इस स्थल से है पुराना लगाव

1/22/2021 2:46:22 PM

राजगीरः बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को मखदुम कुंड का परिभ्रमण किया और चादरपोशी कर राज्य की शांति एवं सुख-समृद्धि की कामना की।

नीतीश कुमार ने नालंदा जिले में राजगीर स्थित मखदुम कुंड का परिभ्रमण और चादरपोशी करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि सभी जानते हैं कि मखदुम कुंड की स्थिति को और बेहतर करने के लिए यहां के भवन के कुछ हिस्सों का पुनर्निर्माण कराया गया था और कुछ हिस्से जो बचे हुए थे, उसका पुनर्निर्माण कराया जा रहा है। इसी का जायजा लेने वह यहां आए हैं। उनकी इच्छा है कि जल्द से जल्द निर्माण कार्य को पूर्ण कर लिया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह ऐतिहासिक स्थल है, यह मखदुम साहब का स्थल है। यहां मखदुम साहब ऊपर में ध्यान भी लगाते थे। यहीं उनको ज्ञान की प्राप्ति हुई थी। मखदुम साहब ने जितनी बातें कही हैं वह बहुत कम लोगों को ही जानकारी दी गई है कि क्या-क्या करना चाहिए। उन्होंने कहा कि उनका भी इस स्थल से पुराना लगाव है। यहां प्रसिद्ध मखदुम कुंड भी है। यहां वह भी अक्सर आया करते हैं। उन्होंने खुद मखदुम कुंड में पहले स्नान भी किया है।

इस अवसर पर सांसद कौशलेंद्र कुमार, विधायक श्रवण कुमार, कौशल किशोर एवं जितेंद्र कुमार, बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सदस्य उदयकांत मिश्र सहित अन्य जनप्रतिनिधि, मुख्यमंत्री के सचिव मनीष कुमार वर्मा एवं अनुपम कुमार, जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक हरी प्रसाथ एस. सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

Ramanjot