कुशवाहा की नाराजगी की अटकलों पर नीतीश ने लगाया विराम, कहा- हमारी पार्टी एकजुट

8/2/2021 1:22:43 PM

पटनाः बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह को जनता दल यूनाइटेड (जदयू) का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने से दल के संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा की नाराजगी की अटकलों पर विराम लगाते हुए कहा कि जदयू में कोई मतभेद नहीं है और पार्टी एकजुट है।

जदयू के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने रविवार को शाम दिल्ली से पटना लौटने के बाद हवाईअड्डे पर पत्रकारों से बातचीत में कहा कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह ने राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह को अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव दिया। राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से इस प्रस्ताव को पारित किया। उन्होंने कहा कि सात महीने पहले आरसीपी सिंह पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने थे। केंद्र में मंत्री बनने के बाद उनकी इच्छा थी कि उनकी जगह पर राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने। पार्टी के सभी लोगों की भी यही इच्छा थी।

नीतीश कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सभी सदस्यों ने एकमत से राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी। उन्होंने कहा कि पार्टी में किसी प्रकार का कोई मतभेद नहीं है, पूरी पार्टी एकजुट है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजीव रंजन सिंह का इस पार्टी से काफी पुराना रिश्ता रहा है। जब से यह पार्टी बनी है तभी से उनका इस पार्टी से रिश्ता रहा है। उन्होंने कहा कि ललन सिंह का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने का पार्टी का निर्णय अच्छा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Recommended News

Related News

static