नीतीश कुमार कल लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ, 7वीं बार CM बनने का रिकॉर्ड करेंगे दर्ज

11/15/2020 6:35:58 PM

 

पटना: बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद नीतीश कुमार एक बार फिर से बिहार के मुख्यमंत्री बन गए हैं। वह कल यानी सोमवार को राजभवन में शपथ ग्रहण करेंगे। गौरतलब है कि नीतीश सातवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

कुमार पिछले 4 दशक से बिहार पर अपना दबदबा बनाए हुए हैं। 2009 से ही वह भाजपा के साथ हैं लेकिन बीच में 2015 राजद का दामन थाम लिया था। वहीं डेढ़ साल के बाद उनका राजद से मोह भंग हो गया और वह वापस भाजपा में शामिल हो गए। बता दें कि नीतीश कुमार पहली बार साल 2000 में 3 से 10 मार्च तक केवल 7 दिन के लिए सीएम बने थे, साथ ही दूसरी बार 24 नवंबर 2005 से 24 नवंबर 2010 तक मुख्यमंत्री रहे थे।

वहीं कुमार तीसरी बार 26 नवंबर 2010 से 17 मई 2014 तक बिहार के मुख्यमंत्री रहे और चौथी बार 22 फरवरी 2015 से 19 नवंबर 2015 तक उनकी सरकार रही। इसी क्रम में पांचवी बार 20 नवम्बर 2015 से 26 जुलाई 2017 तक और छठी बार 27 जुलाई 2017 से अब तक उनका कार्यकाल रहा। वहीं अब कल सातवीं बार वह मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
 

Diksha kanojia