मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद नीतीश कुमार का पहला बयान आया सामने

Tuesday, Apr 14, 2026-04:52 PM (IST)

Nitish Kumar News: बिहार की राजनीति में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। दरअसल, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को लोक भवन पहुंचकर राज्यपाल सैयद अता हसनैन को अपना इस्तीफ़ा सौंप दिया है। इस्तीफे के बाद नीतीश कुमार ने बिहारवासियों के नाम भावुक संदेश लिखा है। 

नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, "आप जानते हैं कि 24 नवंबर, 2005 को राज्य में पहली बार एनडीए सरकार बनी थी। तब से राज्य में कानून का राज है और हम लगातार विकास के काम में लगे हुए हैं। सरकार ने शुरू से ही सभी तबकों का विकास किया है चाहे हिंदू हो, मुस्लिम हो, अपर कास्ट हो, पिछड़ा हो, अति पिछड़ा हो, दलित हो, महादलित हो- सभी के लिए काम किया गया है। हर क्षेत्र में काम हुआ है चाहे शिक्षा हो, स्वास्थ्य हो, सड़क हो, बिजली हो, कृषि हो। महिलाओं एवं युवाओं के लिए भी बहुत काम किया गया है।

राज्यसभा सांसद ने आगे लिखा, "इन दिनों काम को और आगे बढ़ाया गया है। अगले पांच वर्षों यानि 2025 से 2030 के लिए 7 निश्चय-3 का गठन किया गया है। इससे और ज्यादा काम होगा जिससे बिहार काफी आगे बढ़ेगा। बिहार के विकास में केन्द्र का भी पूरा सहयोग मिल रहा है। इसके लिए आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी का नमन करते हैं। बिहार और तेजी से विकसित होगा और देश के टॉप राज्यों में शामिल हो जाएगा तथा देश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देगा।"

नीतीश कुमार ने कहा, "हमने बिहार के लोगों के लिए बहुत काम किया है। इतने दिनों से हमने लगातार लोगों की सेवा की है। हमने तय किया था कि अब मुख्यमंत्री का पद छोड़ देंगे और इसलिए आज मंत्रिमंडल की बैठक के बाद माननीय राज्यपाल से मिलकर उन्हें इस्तीफा सौंप दिया। अब नई सरकार यहाँ का काम देखेगी। नई सरकार को मेरा पूरा सहयोग एवं मार्गदर्शन रहेगा। आगे भी बहुत अच्छा काम होगा तथा बिहार बहुत आगे बढ़ेगा। सभी का बहुत-बहुत धन्यवाद करता हूँ तथा शुभकामनाएं देता हूं।"


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static