JDU-BJP-VIP के निवेदन पर CM बने हैं नीतीश कुमार, सरकार पूरा करेगी कार्यकाल: सुशील मोदी

12/28/2020 1:01:15 PM

 

पटनाः बिहार के भाजपा नेता और पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि जदयू, भाजपा और वीआईपी के निवेदन पर नीतीश कुमार ने सीएम बनना स्वीकार किया है। वह मुख्यमंत्री नहीं बनना चाहते थे। वहीं भाजपा नेता ने कहा कि अब सरकार अपना कार्यकाल पूरा करेगी।

सुशील मोदी ने कहा कि भाजपा और जदयू नेताओं ने नीतीश कुमार को बताया कि हमने उनके नाम और विजन पर चुनाव लड़ा और कहा कि लोगों ने उन्हें वोट दिया था। अंत में, उन्होंने जदयू, भाजपा और वीआईपी नेताओं के अनुरोध पर सीएम बनना स्वीकार किया।

अरुणाचल प्रदेश की घटना पर मोदी की प्रतिक्रिया
वहीं भाजपा नेता ने अरुणाचल प्रदेश की घटना पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि जदयू के नेताओं ने कहा है कि अरुणाचल प्रदेश में जो कुछ भी हुआ है वह बिहार और बिहार सरकार में गठबंधन को प्रभावित नहीं करेगा। बिहार में भाजपा-जदयू गठबंधन अटूट है। नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में सरकार 5 साल तक काम करेगी।

बता दें कि नीतीश कुमार ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि मेरी मुख्यमंत्री बनने की कोई इच्छा नहीं थी। मैंने कहा था कि जनता ने अपना जनादेश दिया है और किसी को भी मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। भाजपा अपना मुख्यमंत्री खुद बना सकती है।
 

Nitika