...सुशील मोदी मेरे खिलाफ बोलेंगे तभी होगा उनको फायदा, Nitish Kumar का हमला

1/22/2023 1:05:38 PM

गयाः बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी की लगातार जारी बयानबाजी को लेकर कटाक्ष करते हुए कहा कि वह मेरे खिलाफ बोलेंगे तभी उनको फायदा होगा।

नीतीश कुमार ने शनिवार को ‘समाधान यात्रा'के क्रम में गया जिले के बांके बाजार प्रखंड के बेला ग्राम में चल रही सरकार की विभिन्न योजनाओं का निरीक्षण करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी के सवाल पर कहा कि इन सब बातों को छोड़ दीजिए। वे मेरे खिलाफ बोलेंगे तभी उनको फायदा होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले इस इलाके में कुछ नहीं हो रहा था और आज इस इलाके का कितना विकास हो रहा है। किस प्रकार लोग खेती कर रहे हैं। खेती से हाने वाली आमदनी को भी लोग बता रहे हैं। इसे देखकर उन्हें काफी खुशी हो रही है। इन पहाड़ी इलाकों में पानी को लेकर परेशानी होती है, इसलिए पहाड़ी इलाके में पानी स्टोरेज की व्यवस्था करनी है। पानी का भंडारण करने से किसी साल वर्षापात नहीं हुआ तब भी इसका लाभ लोगों को मिलेगा। सरकार ने वर्ष 2019 में जो जल-जीवन-हरियाली अभियान शुरू किया है, उसका एक पार्ट वर्षापात से प्राप्त जल का संरक्षण करना भी है। यहां पर लोगों ने अपने-अपने ढंग से इसे शुरू किया है।

सुशील कुमार ने कहा कि लेमन ग्रास की खेती को बढ़ावा देने के लिए कृषि विभाग काम कर रहा है। इस इलाके में भी खास-खास जगहों पर वर्षापात के पानी के भंडारण के लिए काम किया जा रहा है। हमने भी इसको लेकर कई जगहों को चिन्हित करवा दिया है। ये सब काम पूरा हो जाने के बाद पानी सब दिन के लिए उपलब्ध रहेगा। इससे इस इलाके का काफी विकास होगा। जिन इलाकों के विकास को लेकर कोई सोचता भी नहीं था, उन सब इलाकों को भी हम लोग विकसित करना चाहते हैं। यह काफी महत्वपूर्ण जगह है। इन इलाकों का और विकास करना है।

Content Writer

Nitika