नीतीश ने निर्माणाधीन सड़क परियोजनाओं का किया निरीक्षण, कहा- निर्माण कार्य में लाएं तेजी

3/10/2022 7:44:39 AM

पटनाः बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विभिन्न निर्माणाधीन सड़क परियोजनाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।




नीतीश कुमार को बुधवार को निरीक्षण के दौरान मीठापुर गोलंबर पर अधिकारियों ने रेखाचित्र के माध्यम से मीठापुर-महुली एलिवेटेड पथ के निर्माण से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने अधिकारियों को मीठापुर-महुली निर्माणाधीन सड़क निर्माण कार्य को तेजी से पूर्ण करने का निर्देश दिया।



मुख्यमंत्री ने इसके बाद करबिगहिया गोलंबर से सिपारा होते हुए महुली पहुंचकर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच)-83 (पटना-गया-डोभी सड़क) निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि गया ऐतिहासिक स्थल है। गया और पुनपुन में बड़ी संख्या में लोग पिंडदान करने आते हैं। पटना-गया-डोभी सड़क के बन जाने से पटना से गया तक आवागमन और आसान हो जाएगा। 



नीतीश कुमार ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर वहां की समस्याओं की जानकारी ली और अधिकारियों को शीघ्र समाधान करने का निर्देश दिया। उन्होंने दानापुर-बिहटा एलिवेटेड पथ के निर्माण कार्य के विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली।

Content Writer

Ramanjot