नीतीश ने कैमूर के करकटगढ़ जलप्रपात का किया भ्रमण, बोले- ईको टूरिज्म के रूप में विकसित होगा करकटगढ़

5/29/2022 10:38:52 AM

पटनाः बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि कैमूर जिले के करकटगढ़ जलप्रपात को ईको टूरिज्म के रूप में विकसित किया जाएगा।

नीतीश कुमार ने शनिवार को कैमूर जिले के करकटगढ़ जलप्रपात का भ्रमण करने के दौरान अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि करकटगढ़ जलप्रपात एक अछ्वूत और मनोरम झरना है। यह एक रमणीक स्थल है। यहां हर समय पानी रहता है और इसका फ्लो काफी तेज है। यहां बड़ी संख्या में लोग आते हैं और उन्हें यहां अच्छा महसूस होता है।



मुख्यमंत्री ने कहा कि करकटगढ़ को ईको टूरिज्म के रूप में विकसित करें। पर्यटकों की सुविधा के लिए कैंटिन की व्यवस्था हो। कैंटिन चालू होने से पर्यटकों को सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि आने वाले पर्यटकों के लिए पार्किंग की सुविधा हो, इसके लिए क्षेत्र निश्चित कर पार्किंग की व्यवस्था की जाए। यहां गहन वृक्षारोपण की भी जरूरत है। जो वर्षापात होता है उसके लिए जल संचयन योजना को भी कार्यान्वित करने की आवश्यकता है।



सीएम ने कहा कि करकटगढ़ जलप्रपात की पब्लिसिटी हो जाएगी तो यहां बड़ी संख्या में पर्यटक आएंगे। उन्होंने कहा कि स्कूली बच्चों को भी इन सब जगहों को दिखाने की आवश्यकता है।

Content Writer

Ramanjot