नीतीश ने बोधगया में किया महाबोधि सांस्कृतिक केंद्र का लोकार्पण, इसी साल पूरा होगा स्टेट गेस्ट हाउस का कार्य

4/17/2022 10:19:01 AM

पटनाः बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को बोधगया में 153 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित महाबोधि सांस्कृतिक केंद्र का लोकार्पण किया। साथ ही उन्होंने निर्माणाधीन स्टेट गेस्ट हाउस का कार्य इसी साल पूरा करने का निर्देश दिया।

नीतीश कुमार ने लोकार्पण के मौके पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि महाबोधि सांस्कृतिक केंद्र का शिलान्यास 13 अक्टूबर 2018 को किया गया था और 2020 तक इसका निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य था लेकिन कोरोना के कारण निर्माण कार्य में विलंब हुआ। उन्होंने कहा कि महाबोधि सांस्कृतिक केंद्र काफी अच्छा बना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने सबसे पहले राजगीर में अंतररष्ट्रीय कन्वेशन सेंटर बनवाया जिसकी लोग काफी प्रशंसा करते हैं। केंद्र से भी लोग आकर उसमें मीटिंग करते हैं। पटना में भी सम्राट अशोक कन्वेशन केंद्र बना है लेकिन महाबोधि सांस्कृतिक केंद्र सबसे बेहतर है। कोई भी चाहे तो यहां आकर मीटिंग कर सकता है। यहां हर प्रकार की सुविधा उपलब्ध है।

Content Writer

Ramanjot