मंत्री संजय झा ने कहा- बिहार के सर्वांगीण विकास के लिए संकल्पित है नीतीश सरकार

6/28/2022 10:59:49 AM

दरभंगाः बिहार के जल संसाधन मंत्री संजय झा ने कहा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कुशल नेतृत्व में राज्य सरकार प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए संकल्पित है।

संजय झा ने सोमवार को बातचीत में कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार लगातार विकास के पथ पर अग्रसर है। प्रदेश आज हर क्षेत्र में आज विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। नीतीश सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि न्याय के साथ विकास, सभी क्षेत्रों का एवं सभी वर्गों का विकास है। मिथिलांचल समेत प्रदेश भर में बाढ़ की संभावित खतरे से निजात दिलाने एवं आम जनों की सुरक्षा राज्य सरकार की पहली प्राथमिकता है।

मंत्री ने कहा कि अपने कार्यकाल में मुख्यमंत्री खासकर हाशिए पर रहे पिछड़ों ,अति पिछड़ों, दलितों, महादलितों, अल्पसंख्यकों एवं महिलाओं को मुख्य धारा में लाने के लिए अनेकों कार्यक्रम चला रखा हैं। जिससे गरीब-गुरबों का आत्मविश्वास बढ़ा है। शिक्षा के क्षेत्र में काफी कार्य किया गया है। समाज में फैली कुरीतियों से लड़ाई जारी है। झा ने कहा कि नीतीश सरकार के कार्यकाल में शिक्षा, स्वास्थ्य, कानून व्यवस्था समेत सभी क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव हुआ है। सरकार सभी वर्ग के लोगों को साथ लेकर चलने का प्रयास कर रही है। पिछले कुछ साल में शिक्षा क्षेत्र में भी काफी सुधार हुआ है। आने वाले वर्षो में बिहार की पूरी तस्वीर बदल जाएगी और लोग बिहारी पर गर्व महसूस करेंगे।

Content Writer

Ramanjot