बांकाः डिजिटल लाइब्रेरी में उद्घाटन के दौरान अंग्रेजी में बोर्ड देखकर भड़के नीतीश, बोले- हिंदी हमारी भाषा, इसे बदलो
Wednesday, Sep 27, 2023-02:51 PM (IST)

बांका: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज बांका में डिजिटल लाइब्रेरी का उद्घाटन किया। इस दौरान कथित तौर पर एक डिजिटल लाइब्रेरी के बोर्ड पर अंग्रेजी में लिखा पाए जाने के बाद नीतीश कुमार ने अधिकारियों से इसे बदलने के लिए कहा।
बिहार के मुख्यमंत्री ने कहा, "आप हिंदी भाषा का महत्व खत्म कर रहे हैं। हिंदी हमारी भाषा है... इसे (बोर्ड पर लिखा) बदलो।" उन्होंने साफ कहा कि अंग्रेजो के शासन खत्म हुए दशकों बीतने के बाद भी मानसिकता नहीं बदल पाई है। इस दौरान जिला प्रशासन सहित वहां मौजूद तमाम पदाधिकारी सन्न रह गए।
बता दें कि मुख्यमंत्री महज अपने एक घंटे के कार्यक्रम के दौरान सबसे पहले सदर अस्पताल पहुंचकर करीब 14 करोड़ की लागत से नवनिर्मित मॉडल हॉस्पिटल भवन का उद्घाटन किया। साथ ही उसका जायजा लेते हुए वहां जीविका दीदियों द्वारा संचालित किया जाने वाले नवनिर्मित वातानुकूलित कैफेटेरिया का भी जायजा लिया।