चिराग पासवान का नीतीश कुमार पर तीखा हमला, कहा- मुख्यमंत्री को बिहारियों की कोई परवाह नहीं

1/31/2023 10:26:38 AM

गयाः लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा-रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह जमुई सांसद चिराग पासवान ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को बिहारियों की कोई परवाह नहीं है।

चिराग पासवान ने गया जिले के मोहड़ा प्रखंड के जगतपुर गांव में एक जनसभा को संबोधित करते हुए राज्य की नीतीश सरकार पर जमकर हमला किया। उन्होंने कहा कि बिहार के मुख्मयंत्री को बिहारियों की कोई परवाह नहीं है। दूसरे प्रदेशों में बिहारियों को जलील किया जाता है। स्थिति यह होती है कि दूसरे राज्य में एक बिहारी खुद को बिहारी कहने में भी कतराता है, क्योंकि उन्हें मजाक बनाया जाता है लेकिन फिर भी मुख्यमंत्री इसे लेकर एक शब्द नहीं बोलते हैं।

सांसद ने राज्य सरकार पर बिजली के बड़े घोटाले का आरोप लगाया और कहा कि बिहार सरकार महंगी दरों पर बिजली खरीद रही है और महंगी दरों पर आपूर्ति की जा रही है। 50 प्रतिशत तक बिजली दर में बढ़ोतरी होने जा रही है। बिहार सरकार बिजली में बड़ा घोटाला और भ्रष्टाचार कर रही है। उन्होंने कहा कि अब चुनाव नजदीक है, जो पांच साल का भविष्य तय करेगा। उनकी पार्टी ‘बिहार फर्स्ट बिहारी फर्स्ट' के साथ विकसित राज्य की मुहिम का वादा करते हुए अपनी चुनावी रणनीति चलाएंगे।

वहीं, नीतीश कुमार के हाल ही में दिए गए बयान पर कि, ‘‘मर जाएंगे लेकिन भाजपा में नहीं जाएंगे' के सवाल पर चिराग पासवान ने कहा कि उनको पूछ कौन रहा है और उनको बुला कौन रहा। इस मौके पर लोजपा के राष्ट्रीय सचिव अरविंद कुमार सिंह, जिलाध्यक्ष दिलीप सिंह, जिला परिषद अध्यक्ष नैना कुमारी, महिला नेत्री रीता गहलोत, वरिष्ठ नेता चितरंजन कुमार उर्फ चिंटू भईया, युवा नेता पंकज कुमार सिंह, मनोज कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित थे। 

Content Writer

Ramanjot