नीतीश कैबिनेट का विस्तार कल, शाहनवाज हुसैन समेत इन्हें मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी

2/8/2021 8:47:52 PM

पटनाः नीतीश मंत्रिमंडल विस्तार में हो रही देरी को लेकर छिड़े विवाद पर अब विराम लगने जा रहा है। कल यानी मंगलवार को नीतीश कैबिनेट का विस्तार होने जा रहा है। वर्तमान में सीएम सहित 13 मंत्री हैं, जबकि 25 मंत्रियों की जगह खाली है। 19 फरवरी से विधान सभा का बजट सत्र शुरू हो रहा है।

कहा जा रहा है कि भाजपा से शाहनवाज हुसैन, सम्राट चौधरी, नितिन नवीन और संजीव चौरसिया को मंत्री पद सौंपा जा सकता है। वहीं, जेडीयू से जामा खान, संजय झा और सुमित सिंह के नामों की चर्चा तेज है। जेडीयू के मदन साहनी, नीरज कुमार, जयंत कुशवाहा भी मंत्री बनाए जा सकते हैं। वहीं, बीजेपी से संजय सरावगी, भागीरथी देवी और नीरज बबलू भी रेस में हैं।

बिहार में नई नीतीश सरकार का गठन 16 नवंबर को हुआ था। इस दौरान मुख्यमंत्री समेत 14 मंत्रियों ने शपथ ली थी। मेवालाल चौधरी के इस्तीफे के बाद बिहार मंत्रिमंडल में 13 चेहरे हैं। 13 में बीजेपी के 7, जेडीयू के 4, हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (HAM)  के एक और विकासशील इंसान पार्टी के एक मंत्री शामिल हैं।

Content Writer

Umakant yadav