भागलपुर में प्रखंड प्रमुख मोती यादव के घर पर NIA की रेड, करीब 8 घंटे तक की गई छापेमारी

2/9/2024 10:25:33 AM

भागलपुर: राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने गुरुवार को भागलपुर जिले के रंगरा चौक के प्रखंड प्रमुख संजीव कुमार उर्फ मोती यादव के घर पर छापेमारी की। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि मोती यादव के खिलाफ एनआइए में केस दर्ज किया गया था। इसी सिलसिले में हाउस सर्च का वारंट लेकर एनआईए की टीम पहुंची। हालांकि, छापेमारी के दौरान मोती यादव घर में मौजूद नहीं थे।

सूत्रों ने बताया कि छापेमारी के दौरान मोती यादव की पत्नी और उनका भाई मौजूद थे। करीब आठ घंटे तक छापेमारी करने के बाद एनआईए के अधिकारी एवं कर्मी वापस लौट गए। इस दौरान स्थानीय पुलिस अधिकारी भी मौजूद थे। उल्लेखनीय है कि मोती यादव रंगरा प्रखंड के प्रमुख चुनाव में निर्विरोध जीते थे। जबकि उनकी मां चापर पंचायत की मुखिया हैं। मोती यादव गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र की राजनीति में भी काफी सक्रियता रखते हैं। 

Content Writer

Ramanjot