DMCH में इंसानियत शर्मसार: कचरे के साथ फेंक दिया नवजात का शव, कुत्तों ने नोच-नोचकर खाया
Tuesday, Mar 03, 2026-12:48 PM (IST)
Darbhanga News: बिहार के दूसरे सबसे बड़े अस्पताल, दरभंगा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (DMCH) से मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। अस्पताल के न्यू सर्जिकल भवन के समीप स्थित एक नाले से एक नवजात का शव बरामद किया गया है, जिसे आवारा कुत्ते क्षत-विक्षत कर रहे थे। इस घटना ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बीती रात न्यू सर्जिकल वार्ड के बाहर कुत्तों के झुंड को एक संदिग्ध वस्तु पर झपटते देखा गया। पास जाने पर लोगों के होश उड़ गए जब उन्होंने देखा कि कुत्ते एक नवजात के शव को नोच रहे थे। स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद कुत्तों को भगाया गया और मामले की सूचना बेंता थाना पुलिस एवं अस्पताल प्रशासन को दी गई।
बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन पर गंभीर सवाल
घटना के बाद स्थानीय निवासियों और मरीजों के परिजनों में भारी आक्रोश है। लोगों का आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन और नगर निगम की लापरवाही के कारण मेडिकल कचरे का सही ढंग से निपटारा नहीं किया जाता। आशंका जताई जा रही है कि नवजात के शव को अवैध रूप से बायोमेडिकल कचरे के साथ खुले में फेंक दिया गया होगा। परिसर के आसपास संचालित निजी नर्सिंग होम और क्लीनिकों द्वारा भी अक्सर नियमों की अनदेखी कर कचरा फेंका जाता है।
यह भी पढ़ें- छुट्टियों में बुआ के घर आई नाबालिग से गैंगरेप, अगवा कर खेत में ले गए 3 दरिंदे और फिर बारी-बारी किया...
प्रशासन का पक्ष
मामले की गंभीरता को देखते हुए DMCH के उपाधीक्षक डॉ. सुरेंद्र कुमार ने कहा, "शव को कब्जे में लेकर उचित निस्तारण की प्रक्रिया पूरी की गई है। हम सीसीटीवी फुटेज की जांच करवा रहे हैं ताकि यह स्पष्ट हो सके कि शव वहां कैसे पहुंचा। बायोमेडिकल वेस्ट के लिए सरकार द्वारा अधिकृत एजेंसी काम कर रही है, यदि उनकी ओर से चूक हुई है तो उन पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं बेंता थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की कानूनी तफ्तीश शुरू कर दी है।

