नीतीश कुमार बोले- फरवरी से पहले तैयार हो जाएगा राजगीर का नया रोपवे

12/2/2020 1:38:19 PM

 

राजगीरः बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि राजगीर का नया रोपवे अगले वर्ष फरवरी से पहले बनकर तैयार हो जाएगा।

मुख्यमंत्री ने राजगीर भ्रमण के दौरान नए रोपवे के निर्माण कार्य का जायजा लेने के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि राजगीर का नया रोपवे 25 अक्टूबर 2019 तक ही बनकर तैयार हो जाना था लेकिन कुछ रूपांतरण कार्य के साथ-साथ कोरोना के चलते भी इसमें देरी हुई। इसे हर हाल में फरवरी 2021 से पहले तैयार कर लेना है। इसके निर्माण से पर्यटकों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी काफी सुविधा होगी।

वहीं नीतीश कुमार ने नए रोपवे के निर्माण कार्य के निरीक्षण के बाद घोड़ा कटोरा का भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान घोड़ा कटोरा पार्क, घोड़ा कटोरा झील का भी उन्होंने निरीक्षण किया। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि जंगल के कचरे अथवा अवशेष को जलाने की बजाय इसे एक जगह किसी गड्ढे में रख दें ताकि वह खाद के रूप में परिणत हो सके। अवशेष को जलाने से पर्यावरण को नुकसान होता है।

इसके बाद सीएम ने वेणु वन का भी निरीक्षण किया। वेणु वन में चल रहे निर्माण कार्य का उन्होंने बारिकी से जायजा लिया और अधिकारियों को निर्माण कार्य एवं सौंदर्यीकरण से संबंधित आवश्यक निर्देश दिये। उन्होंने वेणु वन के विस्तारीकरण कार्य का भी विस्तृत जायजा लिया।

Nitika