भारत-नेपाल सीमा पर SSB की बड़ी कार्रवाई, हीरे जैसे 163 दाने के साथ नेपाली नागरिक गिरफ्तार
Saturday, Oct 10, 2026-05:58 PM (IST)
मधुबनी: बिहार के मधुबनी जिले में भारत-नेपाल सीमा पर सशस्त्र सीमा बल (SSB) के जवानों ने जांच के दौरान हीरे जैसे दिखने वाले 163 दाने बरामद कर एक नेपाली नागरिक को गिरफ्तार किया है। बरामद दानों का कुल वजन 10 कैरेट बताया गया है। गिरफ्तार व्यक्ति काठमांडू से मध्य प्रदेश के होशंगाबाद जा रहा था। बरामदगी सीमा स्तंभ संख्या 269/06 से करीब 500 मीटर दूर हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सशस्त्र सीमा बल की 48वीं वाहिनी की ‘एफ' समवाय के अंतर्गत सीमा चौकी बेतौन्हा के जवान बेतौन्हा-मारर जांच चौकी पर आने-जाने वाले लोगों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान नेपाल से भारत आ रहे एक यात्री के पहिएदार सामान की जांच सामान परीक्षण यंत्र से की गई। संदेह होने पर सामान खोलकर तलाशी ली गई। इस दौरान एक प्लास्टिक के डिब्बे में रखी थैली से हीरे जैसे दिखने वाले 163 दाने बरामद हुए। पूछताछ में गिरफ्तार व्यक्ति ने बताया कि ये प्रयोगशाला में तैयार किए गए हीरे हैं, जिन्हें वह निजी आभूषण बनवाने के लिए भारत ले जा रहा था।
हालांकि, वह इनके खरीद से संबंधित कोई रसीद प्रस्तुत नहीं कर सका। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान नेपाल के कोशी प्रदेश के ओखलढुंगा जिले के रानीवन थाना क्षेत्र के चम्पादेवी गांव निवासी 31 वर्षीय राहुल छेत्री के रूप में हुई है। सशस्त्र सीमा बल के कमांडेंट ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर आने-जाने वाले लोगों और उनके सामान की सघन जांच जारी है।

