बिहार में बाढ़ की स्थिति भयावह, 11 जिलों के करीब 15 लाख लोग हुए प्रभावित

7/27/2020 10:21:53 AM

पटनाः बिहार में बाढ़ की स्थिति भयावह बनी हुई है। राज्य के 11 जिलों की 1495132 आबादी बाढ़ से प्रभावित है। वहीं 136464 लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया है।

दरभंगा में सबसे अधिक आबादी बाढ़ से प्रभावित
आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार, प्रदेश के 11 जिलों सीतामढ़ी, शिवहर, सुपौल, किशनगंज, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, खगड़िया एवं सारण जिले के 86 प्रखंडों के 625 पंचायतों की 1495132 आबादी बाढ़ से प्रभावित है। वहां निकाले गए 136464 लोग 14011 राहत शिविरों में शरण लिए हुए हैं। दरभंगा जिले में सबसे अधिक 12 प्रखंडों के 131 पंचायतों की 536846 आबादी बाढ़ से प्रभावित हुई है। उसके हनुमाननगर प्रखंड के विशुनपुर गांव में बाढ़ का पानी प्रवेश कर जाने से लोग घुटने से लेकर कमर तक पानी में रहने को विवश हैं।

प्रभावित जिलों में NDRF-SDRF की 25 टीमें तैनात
बाढ़ प्रभावित इन जिलों में बचाव और राहत कार्य चलाए जाने के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की कुल 25 टीमों की तैनाती की गई है। एनडीआरएफ की 9वीं बटालियन के कमांडेंट विजय सिन्हा ने बताया कि बाढ़ प्रभावित पूर्वी चंपारण जिले के बंजरिया प्रखंड अंतर्गत गोबरी गांव में एनडीआरएफ की एक बचाव नौका पर एक बच्ची का जन्म हुआ जिसे बाद में एक एंबुलेंस के जरिए स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वायु सेना के हेलीकॉप्टरों द्वारा बाढ़ प्रभावित जिलों में खाने के पैकेट गिराए गए।

खतरे के निशान से ऊपर बह रही ये नदियां
जल संसाधन विभाग से प्राप्त जानकारी के मुताबिक बागमती नदी, बूढी गंडक, कमला बलान, लालबकिया, पुनपुन, अधवारा, खिरोई, महानंदा तथा घाघरा नदी विभिन्न स्थानों पर अब भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। जल संसाधन विभाग के अनुसार सभी बाढ़ सुरक्षात्मक तटबंध सुरक्षित हैं।

Edited By

Ramanjot