विकास बनाम विनाश के नाम पर लड़ा जा रहा बिहार चुनाव, NDA को मिलेगा पूर्ण बहुमतः भूपेन्द्र यादव

10/13/2020 12:03:44 PM

भागलपुरः भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय महामंत्री एवं बिहार प्रभारी भूपेन्द्र यादव (Bhupendra Yadav) ने कहा बिहार विधानसभा का चुनाव विकास बनाम विनाश के नाम पर लड़ा जा रहा है और इसमें राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की पूर्ण बहुमत से जीत होगी।

भूपेन्द्र यादव ने सोमवार को गोराडीह मे कहलगांव क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी पवन यादव के पक्ष में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कहा कि इस चुनाव में हमारा गठबंधन जनता दल यूनाइटेड (JDU), हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (HAM) और विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के साथ है और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ा जा रहा है। यह लड़ाई पंद्रह साल के विकास बनाम पन्द्रह साल वाले विनाश के बीच हो रही है।

भाजपा नेता ने कहा कि राजग के पंद्रह साल के विकास को तीव्र गति देने के लिए फिर से जहां कमल है, वहां कमल को खिलाएं तथा जहां पर तीर है, उसे चलाए और फिर हम को जिताएं। इस तरह सभी सीटों पर राजग (NDA) की जीत होगी और विनाश रूपी महागठबंधन का सुपड़ा साफ हो जाएगा। यादव ने कहा कि विनाश को बढ़ावा देने वाले राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने इस चुनाव में भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी-लेनिनवादी (भाकपा-माले) के साथ गठबंधन किया है और इससे स्पष्ट हो गया है कि महागठबंधन के लोग प्रदेश में किसे बढ़ावा देना चाहते हैं क्योंकि माले की कारगुजारी किसी से छिपी हुई नहीं है।

भूपेन्द्र यादव ने कहा कि महागठबंधन की ऐसी तैयारियों से सावधान रहने की जरूरत है तभी इस प्रदेश का विकास तेजी से हो पाएगा। हम चाहते है कि पंद्रह साल तक प्रदेश में बहने वाली विकास की धारा अवरुद्ध नहीं हो बल्कि अनवरत बहती रहे। सभा को प्रदेश भाजपा समिति की सदस्य लीना सिन्हा एवं भाजपा प्रत्याशी पवन कुमार यादव ने भी संबोधित किया।

Ramanjot