बिहार में दो तिहाई से अधिक सीट जीतकर फिर बनेगी NDA की सरकारः भाजपा

10/29/2020 4:30:44 PM

पटनाः भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया (Gaurav Bhatia) ने आज दावा किया कि बिहार विधानसभा के प्रथम चरण का मतदान संपन्न होने के बाद स्पष्ट हो गया है कि दो तिहाई से अधिक सीटों पर जीत दर्ज कर फिर से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की सरकार बनेगी।

गौरव भाटिया ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि कोविड-19 के बावजूद प्रथम चरण में 55 प्रतिशत मतदाताओं ने मतदान किया है। इससे राज्य का हौसला बढ़ा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में फिर से राजग की सरकार बनेगी। कोरोना संकट में इतना अधिक मतदान होना साबित करता है कि प्रदेश के लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास के मॉडल को अपनाया है।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि बिहार में दो विचारधारा की लड़ाई है। जो जंगलराज और परिवारवाद बिहार के लोगों ने देखा है उस कालखंड में फिर से लौटना नहीं चाहते। उन्होंने कहा कि बिहार में राजनीतिक समझदारी काफी अधिक है और यहां के लोगों की पहली पसंद डबल इंजन की सरकार है।

Ramanjot