बिहार में न्याय के साथ तेजी से विकास कर रही NDA सरकार, तेजस्वी को नहीं आ रहा रासः मंगल पांडेय

12/5/2021 10:10:52 AM

पटनाः बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने शनिवार को कहा कि केंद्र और राज्य की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार सूबे में न्याय के साथ तेजी से विकास कर रही है लेकिन नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को यह रास नहीं आ रहा है।

मंगल पांडेय ने शनिवार को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की स्थिति ‘खिसयानी बिल्ली खंभा नोंचे' वाली है। दरअसल, बिहार के हर क्षेत्रों में द्रुतगति से हो रहे विकास से उनकी सियासी रोटी नहीं पक पा रही है। इसलिए अनर्गल बातें कर हमेशा बरगलाते रहते हैं, लेकिन राज्य की जनता उनकी बातों को नोटिस नहीं लेती है।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि बिहार में मुख्य विपक्ष सबसे बड़ी पार्टी होने का दंभ भरता है, लेकिन जब बिहार मुसीबतों के दौर से गुजरता है, तो नेता प्रतिपक्ष दायित्व का निर्वहन छोड़ सैर-सपाटा करने कहीं और चले जाते हैं, जिसकी भनक उनकी पार्टी के लोगों को भी नहीं रहती। उनकी तानाशाही का ही परिणाम है कि तथाकथित महागठबंधन कभी बनता है, तो कभी टूटता है। उन्होंने कहा कि यही नहीं उनके रवैये से खफा उनकी पार्टी के कई दिग्गज भी लगातार राजद को बाय-बाय कर रहे हैं।

पांडेय ने कहा कि जो लोग बिहार में कानून व्यवस्था और विकास की दुहाई दे रहे हैं, उनके पूर्वजों के शासनकाल से तंग आकर ही राज्य की जनता ने डेढ़ दशक पूर्व राजग को सत्ता सौंपा था। उन्होंने कहा कि दशकों से परिवारवाद, वंशवाद और जातिवाद की राजनीति करने वालों ने सिर्फ और सिर्फ अपना और अपने रिश्तेदारों का घर भरने का काम किया है।

Content Writer

Ramanjot