पशुपति पारस का दावा- बिहार विधानसभा उपचुनाव में रिकॉर्ड मत से जीतेंगे NDA प्रत्याशी

10/24/2021 2:51:04 PM

पटनाः राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (रालोजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री पशुपति कुमार पारस ने दावा किया कि बिहार में विधानसभा की दो सीटों के लिए हो रहे उपचुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) प्रत्याशी की रिकॉर्ड मतों से जीत होगी।

पशुपति पारस ने शनिवार को दिल्ली से पटना पहुंचने पर पत्रकारों से बातचीत में कहा कि बिहार में मुख्य विपक्षी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नीत महागठबंधन खंड-खंड हो गया है और इसके घटक दल के नेता आपस में ही लड़ रहे हैं। वहीं, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) पूरी तरह से एकजुट है। उन्होंने कहा कि उपचुनाव वाले दोनों विधानसभा सीट से राजद प्रत्याशी रिकॉर्ड मतों से विजयी होंगे।

रालोजपा अध्यक्ष ने कहा कि उपचुनाव वाली दोनों ही सीटों पर राजग प्रत्याशी की किसी से भी लड़ाई नहीं है। राजद प्रत्याशी की एक तरफा जीत सुनिश्चित है। उन्होंने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी और बिहार की नीतीश सरकार की ओर से किए गए विकास के उल्लेखनीय कार्य से लोग काफी खुश हैं। बिहार के लोग विकास चाहते हैं, जो डबल इंजन की सरकार से मिल रहा है।

Content Writer

Ramanjot