झोलाछाप डॉक्टर का खौफनाक कारनामा, सिर फटा तो टांकों की जगह लगा दिया स्टेपलर पिन
Saturday, Mar 14, 2026-09:08 AM (IST)
Bihar News : बिहार के नवादा से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसे जानकर रोंगटे खड़े हो जाएं। जहां एक कथित झोलाछाप डॉक्टर ने घायल युवक के सिर पर टांके लगाने के बजाय 'स्टेपलर' की पिन ठोक दी। इस अमानवीय और खतरनाक इलाज का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि पंजाब केसरी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता।
जानें क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, घटना वारिसलीगंज के नरो मुरार गांव की है। यहां के निवासी एक युवक का बीते 3 मार्च को किसी दुर्घटना में सिर फट गया था। घाव गहरा होने के कारण खून बह रहा था, जिसके उपचार के लिए वह आनन-फानन में पास के ही गणेश नगर स्थित एक निजी क्लीनिक में पहुंचा। पीड़ित का आरोप है कि वहां मौजूद कथित डॉक्टर ने घाव को सिलने की बजाय साधारण कागज स्टेपल करने वाली मशीन से उसके सिर में पिन लगा दी। वहीं वीडियो वायरल होने के बाद पूरा इलाके में इस घटना की चर्चा हो रही है। लोग झोलाछाप डॉक्टर के खिलाफ कड़ी नाराजगी जता रहे है।
प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार
फिलहाल इस मामले में जिला प्रशासन या स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। लोग आरोपी डॉक्टर के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और क्लीनिक को सील करने की मांग कर रहे हैं।

