रफ्तार का तांडव! अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलटी कार, दो इंजीनियरिंग छात्रों की मौत

Thursday, Mar 19, 2026-04:35 PM (IST)

Bihar Road Accident News :  बिहार के नालंदा जिले से एक भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यहां एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरी। इस दुर्घटना में कार सवार दो इंजीनियरिंग छात्रों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।

जानें कैसे हुआ हादसा ?

मिली जानकारी के अनुसार, भयानक हादसा नालंदा जिले के चंडी थाना क्षेत्र में हुआ है। मृतकों की पहचान नालंदा इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र आशिष कुमार और राहुल कुमार के रूप में हुई है। इस हादसे में धीरज कश्यप, उत्सव सिंह और शशिकांत गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी छात्र एक ही कॉलेज के बताए जा रहे हैं और घटना के बाद कॉलेज परिसर में भी शोक की लहर दौड़ गई है। बताया जा रहा है कि कार चंडी की ओर से काफी तेज गति में आ रही थी। चालक ने अपना नियंत्रण खो दिया। रफ्तार इतनी अधिक थी कि कार सड़क से नीचे उतरकर सीधी गहरी खाई में जा पलटी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।

पुलिस की कार्रवाई और जांच

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और चंडी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद घायलों को कार से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। वहाँ डॉक्टरों ने आशीष और राहुल को मृत घोषित कर दिया। चंडी थाना प्रभारी सुमन कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में दुर्घटना का मुख्य कारण तेज रफ्तार और वाहन पर से नियंत्रण खोना प्रतीत होता है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static