Bihar: खौफनाक वारदात! जादू-टोने के शक में महिला की ली जान, 4 बच्चों के सिर से उठा मां का साया; परिवार में मची चीख-पुकार
Friday, Jan 09, 2026-10:59 AM (IST)
Nawada Crime News: बिहार के नवादा से दिल को झकझोर कर देने वाली वारदात की खबर सामने आई है। यहां जादू-टोने के शक में महिला को पीट-पीटकर बेरहमी के साथ मौत के घाट उतार दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना रजौली थाना क्षेत्र के सती स्थान मोहल्ले की है। मृतक महिला की पहचान किरण देवी के रुप में हुई। घटना के संबंध में मृतक महिला के परिजनों ने बताया कि पड़ोसी गोतिया परिवार द्वारा किरण देवी पर जादू-टोना करने के झूठे आरोप लगाए जा रहे थे। लंबे समय से इसी बात को लेकर दोनों परिवारों में विवाद चल रहा था। वहीं गुरुवार को इस विवाद ने भयानक रुप धारण कर लिया। मामला खूनी संघर्ष तक पहुंच गया। दूसरे पक्ष ने किरण देवी और उसके पति तथा परिवार के अन्य लोगों पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में किरण देवी के पति सुधीर कुमार सहित परिवार के चार अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वहीं इलाज के दौरान किरण देवी की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि किरण देवी के 4 बच्चे (2 बेटे और 2 बेटियां) है। वहीं इस हादसे ने 4 बच्चों के सिर से उसकी मां का साया छीन लिया। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। एक अंधिवश्वास के चक्कर में हंसता-खेलता परिवार उजड़ गया।
इधर घटना की सूचना मिलते ही रजौली थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर रंजीत कुमार टीम के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल पुलिस घटना की जांच में जुट गई।

