बेगूसरायः हिंसक झड़प में बदला मामूली विवाद, गोलीबारी में एक व्यक्ति की हत्या

7/19/2020 3:59:40 PM

बेगूसरायः बिहार में बेगूसराय जिले के बखरी थाना क्षेत्र में आपसी विवाद में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वहीं दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, डरहा गांव निवासी योगेंद्र सदा (40) का उसके पड़ोसी टुनटुन महतो के साथ शनिवार की देर रात किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस बीच टुनटुन महतो का भाई हरिनारायण महतो वहां पहुंचा और उसने गोलियां चलानी शुरू कर दी। इस घटना में योगेन्द्र सदा की गोली लगने से मौत हो गई तथा उसके परिवार के दो सदस्य घायल हो गए।

इस घटना को अंजाम देने के बाद हरिनारायण महतो मौके से फरार हो गया। वहीं घायलों को बेगूसराय सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने टुनटुन महतो को गिरफ्तार कर लिया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है।

Edited By

Ramanjot