बिहार में नगर निकाय चुनावों का ऐलानः 2 चरणों में होंगे मतदान, 12 अक्टूबर को आएगा परिणाम

9/9/2022 5:07:17 PM

 

पटनाः बिहार में नगर निकाय चुनाव की घोषणा हो गई है। राज्य में दो चरणों में नगर निकाय चुनाव होंगे। पहले चरण के चुनाव 10 अक्टूबर जबकि दूसरे चरण के चुनाव 20 अक्टूबर को संपन्न होंगे। वहीं 12 अक्टूबर को परिणाम आएगा। 

पहले चरण का नामांकन 10 सितंबर से शुरू होगा। 19 सितंबर तक नामांकन चलेगा और 20 सितंबर तक नामांकन पत्रों की जांच होगी। 5 से 24 सितंबर तक नाम वापसी होगी। इसके बाद 25 सितंबर को प्रत्याशियों को सिंबल मिलेगा। 10 सितंबर को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक वोटिंग होगी।

नगर पालिका चुनाव का दूसरा चरणः 16 सितंबर को अधिसूचना जारी होगी। 24 सितंबर तक नामांकन चलेगा। 25 व 26 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 27 और 29 सितंबर तक नाम वापसी होगी। 20 अक्टूबर को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान चलेगा। 22 अक्टूबर को रिजल्ट आएंगे। बता दें कि पहले चरण में कुल 37 जिलों के 68 नगर परिषद, 88 नगर पंचायत के 3346 वार्ड में वोटिंग होगी। कुल 6965 मतदान केंद्रों पर मतदान होगा।

दूसरे चरण का मतदानः पटना नगर निगम सहित 17 निगमों में दूसरे चरण में मतदान होगा। 23 जिलों के 2 नगर परिषद और नगर पंचायत के कुल 1529 वार्डों में वोट डाले जाएंगे। 7084 बूथ पर वोटिंग होगी।

शहरी निकायों में मतदानः कुल 17 नगर निगम, 70 नगर परिषद, 137 नगर पंचायत के 4875 वार्डों में मताधिकार का प्रयोग होगा। वोटिंग के लिए कुल 14049 मतदान केंद्र बनाए गए। कुल 5875 लोकेशन पर मतदान केंद्र है। इसके अतिरिक्त 224 नगरपालिका में कुल मतदाताओं की संख्या 60 लाख 17 हजार 882 पुरुष और 54 लाख 34 हजार 455 महिलाएं वोटर हैं जबकि अन्य तरह के 411 वोटर है। 1 करोड़ 14 लाख 52 हजार 759 वोटर मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

Content Writer

Nitika