मुकेश सहनी ने वीरांगना फूलन देवी की जयंती पर उन्हें याद किया, कहा- उनका संघर्ष और साहस हम सभी के लिए प्रेरणा
Sunday, Aug 10, 2025-04:53 PM (IST)

पटना: विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के प्रमुख और बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी (Mukesh Sahani) वीरांगना फूलन देवी की जयंती पर आज उन्हें याद किया। उन्होंने कहा कि फूलन देवी की कहानी समाज के पिछड़े, वंचित और दलित समाज के संघर्ष का इतिहास है।
मुकेश सहनी ने अपने फेसबुक वॉल पर भी फूलन देवी की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए लिखा, " वीरांगना फूलन देवी जी की जयंती पर उन्हें शत्-शत् नमन। उनका संघर्ष और साहस हम सभी के लिए प्रेरणा है।" उन्होंने वीरांगना फूलन देवी को अपना प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि आज हम उन्हीं के रास्ते पर आगे बढ़ रहे हैं। फूलन देवी का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। उनकी लड़ाई को वीआईपी आगे लेकर बढ़ रही है।
'सन ऑफ मल्लाह' के नाम से चर्चित मुकेश सहनी ने कहा कि निषाद परिवार में जन्म लेने वाली वीरांगना फूलन देवी ने देश और दुनिया को बताया कि महिला सिर्फ चूड़ी नहीं पहनती है, यदि उनके साथ अन्याय करोगे तो बदला लेना भी जानती है। सामंती विचारधारा के लोगों से उन्होंने बदला लिया। फूलन देवी का जीवन महिलाओं के लिए प्रेरक गाथा है।
मुकेश सहनी ने कहा कि फूलन देवी सांसद बनकर निषाद, बिंद, मल्लाह, कश्यप समाज को उनका हक और सम्मान दिलाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया था। फूलन देवी को नमन करते हुए कहा कि आज सभी को उनसे प्रेरणा लेने की जरूरत है। उन्होंने जोर देकर कहा कि अगर सिर उठाकर जीना है, तो बच्चों को पढ़ाइए और अपने अधिकारों के लिए लड़ाई लड़िए।