बिहार चुनावः महागठबंधन में अटका सीटों का बंटवारा, उपेन्द्र कुशवाहा से मिले मुकेश सहनी

9/20/2020 3:16:02 PM

 

पटनाः बिहार में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं। इसे लेकर सभी राजनीतिक पार्टियों के द्वारा तैयारियां तो की जा रही हैं लेकिन अभी तक भी एनडीए और महागठबंधन में शीट शेयरिंग को लेकर बात नहीं बनी है। ऐसे में महागठबंधन के घटक दलों के बीच शीट शेयरिंग को लेकर बेचैनी बढ़ती जा रही है।

शनिवार को रालोसपा अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा और वीआईपी के अध्यक्ष मुकेश सहनी ने मुलाकात की। दोनों के बीच सीट बंटवारे को लेकर लंबी बातचीत हुई। इस दौरान कुशवाहा ने कहा कि अब देरी हो रही, सीट बंटवारा जितनी जल्दी हो, अच्छा रहेगा। उन्होंने कहा कि राजद और कांग्रेस बड़े दल हैं, इसलिए दोनों की जिम्मेदारी भी अधिक है। अगर दोनों चाहें, तो एक दिन में चीजें हल हो जाएंगी।

वहीं मुकेश सहनी ने कहा कि हम लोग महागठबंधन के साथ हैं। महागठबंधन में शामिल दलों के बीच बात होना जरूरी है, हम मिलते रहते हैं। गरीबों की बहुत समस्याएं हैं, जिन्हें हल करना है। उन्होंने कहा कि हमने किसी तरह की मांग नहीं रखी है। समय रहते सब कुछ साफ हो जाएगा।
 

Nitika