VIP प्रमुख सहनी ने नीतीश-तेजस्वी को दी बधाई, कहा- बिहार विकास के पथ पर सरपट दौड़ेगा

8/10/2022 4:52:11 PM

पटनाः बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में महागठबंधन की सरकार बन गई है। नीतीश कुमार के आठवीं बार मुख्यमंत्री पद की तथा राजद नेता तेजस्वी यादव के दूसरी बार उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के प्रमुख मुकेश सहनी ने दोनों को बधाई दी। साथ ही आशा व्यक्त करते हुए कहा कि आपके नेतृत्व में अब बिहार विकास के पथ पर सरपट दौड़ेगा।

मुकेश सहनी ने नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव को अनुभवी और युवा की जोड़ी बताते हुए कहा कि आज देश विकट परिस्थितियों से गुजर रहा है, जिसमें सभी विपक्ष को एकजुट होने की जरूरत है। आज इन दोनों नेताओं ने देश के विपक्षी दलों को राह दिखाई है। उन्होंने कहा कि आज संविधान, लोकतंत्र को ही नहीं आजादी के मूल्यों और सपनों पर भी लगातार हमले किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 1977 में आपातकाल से देश को छुटकारा मिला, आज एक बार फिर देश में चल रहे अघोषित आपातकाल के खिलाफ मुहिम की शुरूआत बिहार से हो गई है।

वहीं ’सन ऑफ मल्लाह’ के नाम से चर्चित सहनी ने कहा कि भाजपा के निशाने पर दलित, अति पिछड़े और अल्पसंख्यक समुदाय के लोग हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा इन लोगों के वाजिब हक भी नहीं देना चाहती।

Content Writer

Nitika