2 बच्चों की मां को 16 वर्षीय युवती से हुआ प्यार.. तो मंदिर में जाकर रचाई शादी, अब हुई गिरफ्तार

10/8/2022 2:42:46 PM

पटनाः दीपा मेहता के समलैंगिक प्रेम पर आधारित फिल्म 'फायर' की कहानी से सभी परिचित हैं। कुछ इसी तरह की घटना बिहार की राजधानी पटना में हुई, जहां पर 16 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ 2 बच्चों की मां ने समलैंगिक विवाह कर लिया है।

लड़की के अपहरण का केस था दर्ज
दरअसल, एक महीने पहले पटना के दीघा थाना में किशोरी के परिजनों ने थाने में महिला के खिलाफ 16 वर्षीय लड़की के अपहरण का केस दर्ज किया था। इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब पुलिस ने खोज कर नाबालिग को भोजपुर जिले से बरामद किया। इसके बाद महिला को भी पकड़ा गया। छानबीन में पता चला कि महिला एक महीने पहले किशोरी को अपने साथ नोएडा लेकर चली गई थी। बताया जा रहा है कि दुर्गा पूजा पर महिला नाबालिग लड़की को लेकर भोजपुर जिले में अपने मायके आई हुई थी। वहीं महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस ने दोनों को भोजपुर से किया बरामद
पुलिस सूत्रों के अनुसार, महिला नोएडा में रिक्शा चलाती थी और नाबालिग लड़की घर का काम देखती थी और महिला के दोनों बच्चों की भी देखभाल कर रही थी। केस दर्ज होने के बाद पुलिस महिला को पकड़ने के लिए खोजबीन कर रही थी। इसी बीच पुलिस को उनका लोकेशन भोजपुर में मिला। इसके बाद पुलिस वहां पर पहुंची और दोनों को वहां से बरामद किया।

महिला के ससुराल वाले करते थे प्रताड़ित
वहीं पुलिस ने जब आरोपी महिला को पकड़कर पूछताछ की तो महिला ने बताया कि उसके ससुराल वाले प्रताड़ित किया करते थे।  वह अपने पति से अलग रहती थी। इसलिए उसने किशोरी के साथ मंदिर में शादी कर ली। पुलिस को महिला ने शादी से जुड़ा एक कागज भी दिखाया पर वह अवैध था। बता दें कि महिला नाबालिग लड़की के साथ रहने की जिद कर रही है। पुलिस ने बताया कि महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही उसके बच्चों को महिला के मायके भेज दिया गया है।  

Content Editor

Swati Sharma